उदयपुर के डबोक थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 शीशियां कोडीन सिरप बरामद की हैं। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार, भूतपुरा गांव में प्रतिबंधित कोडीन सिरप के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर डबोक थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मकान पर दबिश दी। मकान की तलाशी में मिली 24 शीशियां तलाशी के दौरान 24 शीशियां कोडीन सिरप बरामद की गईं। पुलिस ने मौके से आरोपी महिला मांगी बाई, पुष्पा, भूरी लाल, और दिनेश को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम का विरोध करते हुए हाथापाई का प्रयास भी किया। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई जारी रखी। पुलिस के मुताबिक अन्य आरोपी चुन्नी लाल और देवेंद्र मौके से फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि फरार आरोपी अपने साथ कुछ प्रतिबंधित माल भी ले गए। पुलिस ने जब्त कोडीन सिरप को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित सिरप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन लोग जुड़े हैं।