उदयपुर की हिरणमगरी थाना पुलिस ने सूने मकानों से चोरी करने वाले 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान की। आरोपी चेहरे पर नकाब और हाथों में दस्ताने पहनकर वारदात को अंजाम देते थे। वारदात के समय आरोपी अपना मोबाइल बंद कर लेते थे। ताला तोड़ने के लिए सरिया और लोहे के हथौड़े करते का इस्तेमाल करते थे। आरोपी की पहचान कुर्बान उर्फ मौनू खान और हारिश खान उर्फ पप्पी के रूप में हुई है। थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस कार्रवाई टीम में थानाधिकारी के अलावा एसआई मनोहर सिंह, एसआई पर्वत सिंह, एसआर्ई रामस्वरूप आदि शामिल थे। सीसीटीवी से बचने के लिए संकरी गलियां और दूसरा रास्ता चुनते जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए संकरी गलियों और दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस की भनक लगने के बाद दोनों लगातार ठिकाने बदलते रहे और उदयपुर से बाहर चले गए। पुलिस ने सलूम्बर, मुंबई, महाराष्ट्र, केकड़ी, भीलवाड़ा, मण्डफिया, चित्तौड़, नीमच, मध्यप्रदेश, अजमेर और उत्तराखंड सहित कई स्थानों पर तलाश की। दोनों आरोपियों के उदयपुर लौटने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। सूने मकान से चुराए थे सोना-चांदी जेवर पुलिस के अनुसार 25 अप्रेल 2026 की रात एक मकान में चोरी की वारदात हुई थी। परिवार के बाहर जाने के दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोना-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब 300 कैमरों की फुटेज चेक करने के बाद दो संदिग्ध पुलिस के रडार पर आए। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार किया।