उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में बीती रात एक मंदिर में शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने के मामले में शुक्रवार को लोगों ने थाने के बाहर ​विरोध-प्रदर्शन किया। यहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और मूर्ति क्षतिग्रस्त करने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। लोगों ने पुलिस प्रशासन को चेताया कि आरोपियों को जल्द पकड़ा नहीं गया तो बड़ा आंदोलन होगा। माहौल गर्माता देख डीएसपी छवि शर्मा, हिरण मगरी थानाधिकारी रविन्द्र चारण जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से समझाइश कर माहौल शांत कराने का प्रयास किया। डीएसपी छवि शर्मा ने जल्द आरोपियों को पकड़ने और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। आज गिरफ्तारी नहीं, तो बड़ा आंदोलन करेंगे: पोखरना भाजपा युवा नेता सन्नी पोखरना ने बताया- बीती रात की घटना है। लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार ​नहीं किया है। अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो कल बड़ा आंदोलन होगा। शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। हमारी मांग है कि आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाया जाए। मंदिर में क्षतिग्रस्त शिवलिंग को पुन: स्थापित किया जाए। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। ये था मामला घटना बीती रात इन्द्रा नगर बीड़ा इलाके में शिव मंदिर की है। यहां लोगों को सूचना मिली थी कि किसी ने शिवलिंग क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। लोग विरोध पर उतर आए थे। सूचना पर सूरजपोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। लोगों से समझाइश की थी।