देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत उदयपुर से जगन्नाथपुरी-कोणार्क के लिए विशेष ट्रेन 3 अक्टूबर को रवाना होगी। इस यात्रा में उदयपुर संभाग के 780 वरिष्ठ तीर्थ यात्री और सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से कोटा जिले के 100 यात्रियों सहित कुल 880 यात्री शामिल होंगे। सभी को पूर्णतः नि:शुल्क यात्रा कराई जाएगी। यात्रा के लिए चयनित यात्रियों को निर्धारित डॉक्यूमेंट अपने साथ लाने होंगे, ताकि यात्रा के दौरान पहचान और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। 3 अक्टूबर जगन्नाथपुरी-कोणार्क के लिए वरिष्ठ तीर्थ यात्रियों की ट्रेन दोपहर 2.30 बजे उदयपुर के राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। सुबह 6 बजे पहुंचना होगा राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन कुमार गांधी ने बताया कि यात्रियों को राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन पर सुबह 6 बजे और सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन पर दोपहर 1 बजे पहुंचने के लिए सूचित किया गया है, ताकि यात्रा संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। यात्रा के दौरान सभी यात्रियों की देखरेख के लिए हर कोच में दो सरकारी कर्मचारी लगाए रहेंगे। इसके अलावा चिकित्सा व्यवस्था के लिए एक डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी भी ट्रेन में रहेंगे, जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे। गांधी ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए उक्त जिलों के मुख्य चयनित तीर्थ यात्रियों को दूरभाष और संदेश के माध्यम से यात्रा की सूचना दी गई है। यात्रियों के लिए अपने साथ ऑनलाइन भरे गए आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, मेडिकल सर्टिफिकेट, मूल जनआधार/आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। 7 दिन तक रहने-खाने की व्यवस्था देवस्थान विभाग की ओर से फ्री उन्होंने बताया कि यात्रियों को साथ में दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री, जरूरी दवाइयां, व्यक्तिगत जरूरत का सामान, नकदी और कपड़े साथ लाने होंगे। विशेष ट्रेन में यात्रियों के लिए 7 दिन तक आवास, भोजन आदि की समस्त व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग की ओर से फ्री की जाएंगी।