उदयपुर की ज्वेलरी शॉप में ग्राहक बनकर 3.25 लाख रुपए के गहने पार करने वाला बदमाश घटना से एक दिन पहले सलूंबर की एक ज्वेलरी शॉप पर भी गया था। लेकिन वहां सफल नहीं हो सका था। यहां भी आरोपी सिर पर टोपी लगाए उसी हुलिए में नजर आया, जिसमें वह उदयपुर के तीतरड़ी चौराहा स्थित नमो ज्वेलर्स में दिखा था। आरोपी सलूंबर के नागदा बाजार स्थित ज्वेलरी शॉप में 16 सितंबर की दोपहर को गया था। महिला दुकानदार को अकेले देखकर आरोपी शॉप में घुसा था, लेकिन महिला के साथ एक पुरुष दुकानदार भी था। इससे आरोपी वारदात करने में सफल नहीं हो सका। फिर दूसरे दिन 17 सितंबर को उदयपुर शहर में तीतरड़ी स्थित नमो ज्वेलर्स में 3.25 लाख रुपए की ज्वेलरी पार करके ले गया। सवीना थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। दुकानदार को ज्वेलरी का वजन कम लगा तो CCTV चेक किए उदयपुर शहर के सवीना थाना क्षेत्र में तीतरड़ी स्थित नमो ज्वेलर्स पर गुरुवार सुबह 10:32 बजे बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचा था। दुकानदार को सोने की बालियां दिखाने की डिमांड करने लगा। इस दौरान दुकानदार को बातों में उलझाते हुए ध्यान भटकाने लगा। एक-एक कर बालियां देखता रहा। इस दौरान 25 ग्राम वजन की सोने की बालियां पार कर लीं। इसके बाद सुबह 10:43 बजे फरार हो गया। बाद में दुकानदार को बालियों का वजन कम लगा। उसने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इसमें आरोपी की करतूत सामने आ गई। दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। आरोपी का अभी तक सुराग नहीं लगा है। इनपुट: चेतन व्यास, गिर्वा