उदयपुर जिले में बुधवार शाम 4 बजे सवारियों से भरी तेज रफ्तार प्राइवेट बस ओवरटेक करते समय ट्रेलर से भिड़ गई। हादसे में 3 सवारियों की मौत हो गई और 10 यात्री घायल हो गए। इनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था कि बस की छत और कंडक्टर साइड का पूरा हिस्सा उखड़ गया। बस की सीटें टूटकर सड़क पर बिखर गईं। बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर 1 घंटे तक जाम लगा रहा। हादसा नेशनल हाईवे-48 पर मेनार डाक बंगला के पास हुआ। बस में 35 लोग सवार थे खेरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार ने बताया- करीब 35 यात्रियों से भरी बस चित्तौड़गढ़ के मंगलवाड़ से उदयपुर की तरफ आ रही थी। मेनार डाक बंगले के सामने तेज रफ्तार बस ओवरटेक करने के चक्कर में आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में 3 सवारियों की मौत हो गई। मरने वाले 2 लोगों की पहचान बंशीलाल टेलर निवासी पहाड़ा (उदयपुर), भगवान लाल डांगी निवासी शोभागपुरा (उदयपुर) के रूप में हुई है। एक महिला की भी मौत हुई है, जिसकी अभी पहचान नहीं हुई है। थानाधिकारी ने बताया- हादसे की सूचना पर पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस और निजी वाहनों से घायलों को हॉस्पिटल पहुंचाया।