उदयपुर में किन्नर समाज की महिलाओं ने सूरजपोल थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने एक समाज विशेष के व्यक्ति पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने और 50 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया। किन्नर समाज उदयपुर की गादीपति पायल बुआ ने बताया कि उन्हें सद्दाम पठान नाम का व्यक्ति तीन साल से परेशान और ब्लैकमेल कर रहा है। धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा है। साथी किन्नरों को भी डराया-धमकाया जाता है। पायल बुआ के मुताबिक, सद्दाम ने उनकी गाड़ी करीब 4 महीने तक चलाई थी। जिसका भुगतान वह कर चुकी हैं। इसके बावजूद उन्हें लगातार परेशान किए जाने का आरोप लगाया। इसे लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। पायल बुआ ने बताया कि आरोपी उनके घर-मकान और ठिकानों की रेकी करता है और किन्न समाज की महिलाओं को परेशान करता है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग किन्नरों ने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में थाने में शिकायत दी और एसपी को भी ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। किन्नरों के समर्थन में आए श्रीराम सेना के संस्थापक उमेश नागदा ने बताया कि हमारा संगठन किन्नरों के साथ है। जरूरत पड़ने पर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।