जयपुर में 'वी 4 स्पेशल चाइल्ड डेवलपमेंट सेंटर' की ओर से अजमेर रोड स्थित एक होटल में विशेष डांडिया उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऑटिस्टिक और अन्य विशेष बच्चों, उनके परिजनों और टीचर्स ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मनीष शर्मा, जयवर्धन शर्मा, शोभा शर्मा और वरिष्ठ अभिभावक ललित भटनागर ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन ऐश्वर्या ने किया। इस अवसर पर ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों की संवेदी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि वे बिना किसी संकोच के उत्सव में शामिल हो सकें। पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने भागीदारी दिखाई। डांडिया की ताल पर नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान और उनका बढ़ता आत्मविश्वास इस उत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। ऑटिस्टिक बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ेंगे आयोजक ललित भटनागर और मनीष शर्मा ने कहा- इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य ऑटिस्टिक बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। साथ ही उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास को नया मंच देना है। उन्होंने बताया- सही मार्गदर्शन और स्नेह मिलने पर ये बच्चे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों, सहयोगी अभिभावकों और आगंतुकों के प्रति धन्यवाद दिया गया।