उदयपुर पुलिस ने जिलेभर में रेड और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 156 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनसे 180 पावर बाइक जब्त की है। जिले में पुलिस की 108 टीमों के 610 पुलिसकर्मियों ने बुधवार अलसुबह एक साथ अचानक आरोपियों के घर पहुंचकर दबिश दी। ​ एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया- जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय-समय पर अभियान के तहत कार्रवाई की जाती है। पुलिस ने रणनीतिक रूप से धरातल पर उतरकर संवेदनशील इलाकों में एरिया डोमिनेशन किया। इसमें सक्रिय और आदतन अपराधियों के ठिकानों पर अचानक दबिश दी। पुलिस ने थानों पर लाकर इन बदमाशों से पूछताछ की। अपराधियों की गतिविधियों को खंगाला, आर्म्स की चेकिंग की एनडीपीएस एक्ट में 3 साल में मादक पदार्थों की तस्करी और इस एक्ट के मामलों में चालानशुदा अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों को खंगाला गया। वहीं, आर्म्स एक्ट में अवैध हथियार रखने, तस्करी करने, हवाई फायरिंग के मामले में पूर्व में चालानशुदा अपराधियों की चेकिंग की गई। इसी तरह हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधियों में से जिले के टॉप व आदतन बदमाशों के ठिकानों पर रेड की और वर्तमान स्थिति की जांच की गई। इसी तरह अवैध वाहन मामले में संदिग्ध, बिना नंबर, वैध दस्तावेजों के संचालित होने वाले अवैध वाहनों की धरपकड़ की गई। एसपी डॉ. दुहन ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और शांति व्यवस्था को भंग करने का प्रयास करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों, तस्करों और उन्हें पनाह देने वालों पर भी कार्रवाई होगी।