उदयपुर की सूरजपोल ​थाना पुलिस ने बाइक पर सवार महिला का मोबाइल छीनकर भागने वाले 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का मोबाइल और घटना में उपयोग ली गई बाइक भी जब्त की है। थानाधिकारी सूर्यभान सिंह ने बताया कि आरोपी मानाराम निवासी गोवर्धन विलास और लिंबाराम निवासी कृष्णपुरी जावरमाइंस को जगदीश चौक एरिया से गिरफ्तार किया था। पुलिस आरोपियों से शहर में पूर्व में हुई वारदातों को लेकर भी पूछताछ कर रही है। हालांकि, बदमाशों पर पूर्व में कोई आपराधिक मुकदमा दर्ज नहीं है। बाइक पर पीछे बैठी पत्नी के हाथ से छीन भागे थे मोबाइल परेश कुमार राव पिता पूरणमल निवासी भुवाणा ने 5 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया था कि वह और उसकी पत्नी दुर्गा राव बाइक से सेक्टर-14 किसी काम से गए थे। वापस अपने भुवाणा की तरफ लौटते वक्त रात करीब 8:15 बजे पारस चौराहे से गुजर रहे थे। तभी एक स्प्लेंडर बाइक पर दो युवक आए। और चलती बाइक से महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर भाग गए। तभी बाइक बेकाबू होने से गिरते-गिरते बचे। शिकायत पर पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाल कर आरोपियों की पहचान की और बाइक की लोकेश का पीछा करते हुए उन्हें जगदीश चौक से डिटेन किया। शिकायतकर्ता परेश ने बताया कि वह टूर एंड ट्रॉवेल्स का काम करता हैं और उसकी पत्नी के मोबाइल की कीमत 24 हजार रुपए थी।