उदयपुर शहर में ट्रक ने एक महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से परिजन और आसपास के लोग आक्रोशित हो गए और विरोध पर उतर आये। गुस्साए लोगों ने ट्रक के केबिन में आग लगा दी। रोड पर एकत्रित होकर प्रदर्शन किया और पुलिस पर देरी से पहुंचने का भी आरोप लगाया। सूचना पर सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रक ड्राइवर को आक्रोशित भीड़ से सुरक्षित निकाल अपने कब्जे में लिया। लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। हादसा तीतरड़ी गुप्तेश्वर रोड पर आज सुबह करीब 8 बजे का है। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि महिला निर्मला साहू (48) पति कन्हैयालाल साहू निवासी तीतरड़ी की हादसे में मौत हो गई है। ट्रक तीतरड़ी गांव में आ रहा था। इस दौरान तीतरड़ी गुप्तेश्वर रोड पर सामने से आ रही स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। महिला घटनास्थल के पास की ही रहने वाली थी। उनके परिजन और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना के खिलाफ विरोध जताते लगे। जिस परिवार ने ट्रक ड्राइवर को संरक्षण दिया, उस पर भी हमले की कोशिश की गई। पुलिस ने ड्राइवर को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया। इनपुट: चेतन व्यास, गिर्वा