उदयपुर के उमरड़ा गांव की गमेती बस्ती में देर रात मगरमच्छ घुसने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर की टीम ने करीब 7 फीट लंबे मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंप दिया। रेस्क्यू सेंटर के संभागीय अध्यक्ष चमन सिंह चौहान ने बताया कि मगरमच्छ के बस्ती में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद चमन सिंह के साथ लक्ष्मी लाल गमेती, कोमल गमेती और निर्मल गमेती मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, सोमवार की रात करीब 11 बजे गांव के कुछ लोग घरों के बाहर बैठे थे। इसी दौरान उनकी नजर घरों की ओर आते मगरमच्छ पर पड़ी। जिसे देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी। इस दौरान मगरमच्छ घर के पास झाड़ियों में जाकर छिप गया था। रेस्क्यू टीम ने घने अंधेरे के बीच रेस्क्यू कर उसे वन विभाग को सौंप दिया। वन्यजीव दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें चमन सिंह ने अपील करते हुए कहा कि घर या उसके आसपास कोई वन्यजीव दिखाई देने पर कानून अपने हाथ में न लें और न ही उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग या वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर को सूचना दें। इसके लिए रेस्क्यू सेंटर के हेल्पलाइन नंबर 9828058158, 7737470311 पर सम्पर्क कर सकते हैं।