उदयपुर में महज 5 साल 11 महीने के बच्चे विराज शर्मा ने 47 किलो वजन उठाकर सबको चौंका दिया है। विराज का खुद का वजन करीब साढ़े 17 किलो है। विराज के पिता वैभव शर्मा ने बताया कि बेटे ने इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाया है। उदयपुर के लवकुश स्टेडियम में वेटलिफ्टिंग सेंटर पर विराज ने 5 सितंबर 2026 को 47 किलो वजन उठाते हुए इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया। 7 रिकॉर्ड और सम्मान हासिल कर चुके वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग में विराज अब तक राष्ट्रीय और अंतरर्राष्ट्रीय स्तर पर सात रिकॉर्ड व सम्मान हासिल कर चुका है। विराज अब तक नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कर चुका है। उसे वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है। वैभव शर्मा के अनुसार, इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से विराज को वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग में विश्व के सबसे कम उम्र के बच्चे का खिताब दिया था। भारत सरकार की ओर से भी विराज को ‘सुपर टैलेंटेड किड-वन इन ए मिलियन’ सम्मान मिला है। विराज ने नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड 25 अगस्त को बनाया। तब उसने 35 किलो वजन 14 सेकेंड में तीन बार उठाया था। इसके करीब पांच से छह दिन बाद ही विराज ने इंडिया बुक आफ रिकॉर्ड बनाया जिसमें 38 किलो वजन उठाया। 35 किलो से शुरू हुआ सफर, अब 47 किलो पर पहुंचा पिता ने बताया कि विराज ने रिकॉर्ड बनाने का सफर 35 किलो वजन उठाने से शुरू हुआ था। इसके बाद उसने 42 किलो और फिर 47 किलो वजन उठाकर अपने ही रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। फिलहाल वह लवकुश इंडोर स्टेडियम की व्यायामशाला में जूनियर ट्रेनर ओमप्रकाश पटेल के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ले रहा है। 6 महीने पहले शुरू की वेटलिफ्टिंग पिता वैभव शर्मा ने बताया करीब 6 महीने पहले बेटे को बेसबॉल खिलाने ले गया था। पास ही वेटलिफ्टिंग सेंटर था। बेटे ने वेटलिफ्टिंग करने की बात कहीं। वह मेरे मेडल के बारे में भी जानता था। बेटे ने कहा- मुझे भी ये करना है। मैं बोला- बेटा आप छोटे हैं। थोड़े बड़े होंगे तब कराएंगे। लेकिन इसका मन यही करने का था। बेटे को घड़ी देखना नहीं आता है, लेकिन घड़ी का छोटा कांटा पांच पर है, मतबल जिम जाने का टाईम हो गया है। यह पता है। होटल चलाते हैं पिता विराज के पिता होटल चलाते है। मां हाउस वाइफ है। पिता वेट लिफिटंग खेल चुके हैं। वैभव भी 12 बार राजस्थान, एक बार नेशनल और 2 बार अंतर्राष्ट्रीय चैंपियन रहे हैं। राज्यपाल ने सराहा, मुख्यमंत्री ने जयपुर बुलाया सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एचकेजी के छात्र विराज की प्रतिभा की पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी सराहना कर चुके हैं। पिता के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विराज को जयपुर आमंत्रित किया है। नई दिल्ली में होने वाले खेलो इंडिया आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने विराज के वेटलिफ्टिंग और पावर लिफ्टिंग प्रदर्शन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।