उदयपुर में आज बीती रात से रुक-रुककर रिमझिम बारिश का दौर जारी है। पिछले तीन दिन मौसम साफ रहा था, लेकिन बीती देर रात से मौसम बदला और बिजली चमकने के साथ बारिश शुरू हो गई। जो सुबह से जारी रही। उदयपुर में आज मौसम सुहावना होने से लोगों को गर्मी से राहत है। उदयपुर जिले के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो रही है। इससे झीलों, बांधों और तालाबों में पानी की आवक जारी है। बावलवाड़ में सोम नदी पूरे वेग के साथ बह रही है। वहीं, 21 फीट भराव क्षमता वाले सेमारी बांध में भी जलस्तर बढ़ रहा है। यहां बीते 24 घंटे में 128 बारिश दर्ज की गई। इससे किसानों को खड़ी फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है। 3 डिग्री गिरा दिन का तापमान बारिश के कारण तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। एक​ दिन पहले तापमान 31 डिग्री सेल्सियस था, जो घटकर आज 28 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो दिन तक बारिश की संभावना जताई है।