तहसील क्षेत्र के बोरदा गांव में रेलवे लाइन के पास स्थित अमरूद के बाग में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ की डाल से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना अधिकारी अजीत कुमार पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना अधिकारी ने बताया कि बोरदा निवासी फूलचंद मीणा ने सुबह करीब नौ बजे पुलिस को सूचना दी कि उसके खेत में स्थित अमरूद के बाग में एक व्यक्ति का शव पेड़ की डाल से लटका हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हालांकि, उसके बाएं हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में ‘रामलाल सहोरी’ लिखा हुआ मिला है। इसी आधार पर पुलिस मृतक की पहचान और उसके परिजनों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सवाई माधोपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच के साथ आसपास के थानों से भी संपर्क कर मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।