बारां| शहर में वैष्णव अग्रवाल पंचायत द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सत्यनारायण मंदिर परिसर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। 4 सितंबर की मध्यरात्रि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शनिवार को दोपहर 12 बजे नंद उत्सव हुआ। शाम 7 बजे से भजन संध्या आयोजित की गई। इसमें कोटा के म्यूजिकल ग्रुप के राजेंद्र पारीक और रोहित पारीक ने श्रीकृष्ण के भजनों की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान इत्र और पुष्प वर्षा आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और श्रद्धालुओं ने परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लिया। समाज प्रवक्ता अरुण गर्ग ने बताया कि पंचायत की ओर से समय-समय पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर समाजबंधुओं को जोड़ने तथा युवाओं को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।