उदयपुर से सूरत को जोड़ने वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शनिवार को शुरू हो गई। उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन से यह ट्रेन दोपहर 3:35 बजे रवाना हुई, जो 7 घंटे 35 मिनट का सफर तय कर रात 11 बजे सूरत पहुंची। ट्रेन के संचालन से राजस्थान और गुजरात के बीच पर्यटन, व्यापार और आम यात्रियों की आवाजाही अधिक सुगम हो जाएगी। स्टेशन अधीक्षक हंसराज मीणा के अनुसार, 8 डिब्बों की इस ट्रेन की कुल क्षमता 520 सीटों की है। उद्घाटन के दिन कुल 324 यात्रियों ने सफर किया, जबकि 196 सीटें खाली रहीं। एग्जीक्यूटिव क्लास की 42 सीटों में से 16 बुक रहीं, 26 सीटें खाली रहीं। चेयर कार की 478 सीटों में से 308 टिकट बुक हुए, 170 सीटें खाली रहीं। हालांकि, आने वाले तीन दिनों के बाद से ट्रेन में वेटिंग शुरू हो चुकी है। समारोह में रेलवे एरिया ऑफिसर अवधेश कुमार, होटल एसो. अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, रेलवे सलाहकार समिति सदस्य ओम पालीवाल, सुदर्शन देव सिंह कारोही और मंडल अध्यक्ष अमृत मेनारिया ने लोको पायलट और क्रू मेंबर का स्वागत किया। व्यापार और पर्यटन दोनों को मिलेगी नई गति उदयपुर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल का कहना है कि उदयपुर-सूरत वंदे भारत शुरू होने से गुजरात से आने वाले पर्यटकों की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। मेवाड़-वागड़ में कपड़ा और डायमंड कारोबार से जुड़े स्थानीय व्यवसायियों, कामगारों और विद्यार्थियों के लिए यह सेवा समय की बचत के साथ-साथ बेहद सुविधाजनक साबित होगी।