ब्यावर जिले के मसूदा कस्बे में विकसित भारत जनसेवा अभियान के तहत शुक्रवार को उप जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। इसमें चिकित्सा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने उत्साह से भाग लेकर रक्तदान किया। इस शिविर में ब्यावर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, मसूदा उप जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्साधिकारी डॉ. लखेंद्र सिंह चौहान और उपखंड अधिकारी दीपशिखा राठौड़ मौजूद रहे। शिविर के दौरान करीब 62 लोगों ने रक्तदान किया। इस मौके पर अधिकारियों ने रक्तदान को महादान बताया। उन्होंने आम लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में मदद करने की अपील की। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।