जयपुर नगर निगम चुनाव में मतदान खत्म हो चुका है और अब सोमवार को आने वाले नतीजों का इंतजार है, लेकिन उससे पहले दिग्गजों के घर वाले वार्डों में मतदान प्रतिशत ने राजनीतिक प्रतिष्ठा का शुरुआती हिसाब जरूर खोल दिया है। मंत्री-विधायक और पूर्व मंत्री से जुड़े 6 प्रमुख वार्डों में मतदान की तस्वीर एक जैसी नहीं रही। कहीं मतदाताओं ने शहर के औसत से करीब 10 प्रतिशत कम वोट डाले तो कहीं मतदान 6% तक ज्यादा रहा। सबसे खास बात यह है कि बगरू विधानसभा के वार्ड 64 में सिर्फ 52.98% मतदान हुआ, जबकि मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के वार्ड 28 में 69.62% और कांग्रेस विधायक अमीन कागजी के वार्ड 109 में 68.91% मतदान हुआ। जयपुर नगर निगम का अंतिम औसत मतदान 63.55% रहा। विधायक कालीचरण सराफ के वार्ड 76 में मतदान 54.37% रहा। यह शहर के औसत से 9.18% कम है। पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास के वार्ड 97 में 53.27% मतदान हुआ। 15,109 मतदाताओं में से 8,048 ने वोट डाला। यह औसत वोटिंग से 10.28% कम।विधायक रफीक खान के वार्ड 99 में 54.14% मतदान। 22,775 मतदाताओं में से 12,330 ने वोट डाला। औसत से 9.41% कम। मंत्री कर्नल राजवर्धन सिंह राठौड़ के वार्ड 28 ने वीआईपी वार्डों में सबसे ज्यादा 69.62% वोट पड़े। यह औसत से 6.07% ज्यादा है। विधायक अमीन कागजी के वार्ड 109 में 68.91% मतदान हुआ। शहर के औसत से 5.36% ज्यादा। विधायक गोपाल शर्मा के वार्ड 33 में 63.75% वोट डला। औसत से 0.20% ज्यादा।