भास्कर न्यूज | दौसा जिले में मंगलवार रात कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। जिला मुख्यालय पर 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले दो दिन से हो रही बारिश के चलते बांधों में पानी की आवक बढ़ने लगी है। रेडिया और सिंथोली बांध में 2-2 इंच तथा चांदराना बांध में 3 इंच पानी की आवक हुई है। जिले में अब तक 392.44 मिमी औसत बारिश हो चुकी है, जो सामान्य बारिश का 59.02 प्रतिशत है। बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे। शाम तक बारिश नहीं होने से दिन के तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था, जो बुधवार को बढ़कर 32 डिग्री हो गया। रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। आगामी दिनों में भी जिले में बारिश होने की उम्मीद है। जिले के 15 फीट भराव क्षमता वाले रेडिया बांध का जलस्तर 2 इंच बढ़कर 14 फीट 2 इंच हो गया। वहीं 17 फीट भराव क्षमता वाले सिंथोली बांध में 2 इंच पानी की आवक हुई। अब इसमें 10 फीट 3 इंच पानी है। 14 फीट भराव क्षमता वाले चांदराना बांध में भी पानी बढ़ा है। पहले इसमें 5 इंच पानी था, जो अब बढ़कर 8 इंच हो गया है। वहीं मोरेल बांध पर 5 इंच की चादर चल रही है। लगातार दो दिन हुई बारिश से जिले के जलस्रोतों में पानी की आवक बढ़ी है। हालांकि जिले में अब भी सामान्य बारिश की तुलना में बारिश कम है। आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने पर बांधों के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।