राजीव गांधी क्षेत्रीय प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय में वन्यजीव सप्ताह के तहत आयोजित कार्यक्रमों का गुरुवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और प्रकृति के प्रति विद्यार्थियों एवं आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया। समारोह में मुख्य वन संरक्षक (CCF) शारदा प्रताप सिंह, जिला कलेक्टर कानाराम, DFO सवाई माधोपुर सुनील, रणथम्भौर टाइगर रिजर्व फर्स्ट DFO मानस सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित मौजूद रहे। विभिन्न प्रतियोगिताएं के विजेताओं को सम्मानित किया वन्यजीव सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। समापन समारोह में प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को अतिथियों ने प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा- वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक धरोहर की जानकारी दी विद्यार्थियों में प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने से संरक्षण के प्रयासों को लंबे समय तक मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम में रणथम्भौर की जैव विविधता, वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने में जनभागीदारी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए जागरूक नागरिक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। समारोह के अंत में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।