नगर परिषद सवाई माधोपुर के 60 वार्डों में पहले चरण में 97 बूथों पर कुल 65.37 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 92,713 में से 60,609 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव में पुरुष मतदाता एक बार फिर महिलाओं से आगे रहे। कुल 47,620 में से 31,826 पुरुष मतदाताओं ने वोट डाला। यानी पुरुषों का टर्न आउट 66.85% रहा। वहीं 45,088 में से 28,783 महिला मतदाताओं ने वोट डाला। महिलाओं का टर्न आउट 63.83% रहा। सबसे निराशाजनक आंकड़ा थर्ड जेंडर का रहा। परिषद क्षेत्र में कुल 5 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं। वार्ड 34 के 2 बूथों पर 1 और 4 वोटर के रूप में दर्ज हैं, लेकिन पांचों में से एक भी मतदान करने नहीं पहुंचा और पोलिंग शून्य प्रतिशत रही। खास यह है कि 9 बूथ ऐसे रहे, जहां महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा वोट डाले, बाकी 88 बूथों पर पुरुषों की वोटिंग ज्यादा रही। सबसे ज्यादा मतदान वार्ड 42 के बूथ नंबर 66 नामदेव भवन राम कुई-2 में 84.66% और सबसे कम वार्ड 47 के बूथ नंबर 74 न्यू मॉडर्न पब्लिक स्कूल पटेल नगर में 46.76% रहा। जबकि, टॉप-5 में 4 बूथ पुराने शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों के हैं। वार्ड 31 से 45 के 24 बूथों पर 24,896 वोटर, 17,446 पोल के साथ 70.07% सबसे ज्यादा वोटिंग रही। सबसे ज्यादा मतदान यहां: सबसे ज्यादा मतदान वार्ड 42 के बूथ नंबर 66 नामदेव भवन राम कुई-2 में 84.66% हुआ। यहां 704 मतदाताओं में से 596 ने वोट डाला। जबकि, टॉप-5 में 4 बूथ पुराने शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों के हैं। सबसे कम मतदान यहां: सबसे कम मतदान वार्ड 47 के बूथ नंबर 74 न्यू मॉडर्न पब्लिक स्कूल पटेल नगर में 46.76% रहा। यहां 1373 वोटरों में से सिर्फ 642 वोट पड़े। 97 में से 37 बूथों पर 60% से भी कम मतदान हुआ। इन वार्डों में महिला ही प्रत्याशी, इसलिए नारी शक्ति की बंपर वोटिंग नगर परिषद के सबसे हॉट वार्ड 56 सामान्य महिला से दोनों प्रत्याशी ओबीसी महिलाएं हैं। भाजपा की मेवा चौधरी व कांग्रेस की सीमा श्रीमाल के बीच सीधी टक्कर होने से यहां मतदान के दौरान मामूली विवाद भी सुर्खियों में रहा। वार्ड 56 के बूथ जिला उद्योग केंद्र में कुल 905 में से 617 मतदाताओं ने वोट डाला। इनमें 230 पुरुषों के मुकाबले महिलाओं ने 387 की संख्या में बंपर वोटिंग कर चौंकाया। यानी यहां 157 ज्यादा वोट महिलाओं ने ही डाले। इसी प्रकार वार्ड 12 में जेईएन कार्यालय खैरदा कमरा एक व दो में दोनों ही जगह पुरुषों से ज्यादा महिलाओं ने वोटिंग की। वार्ड 23 में पूर्व सभापति भाजपा प्रत्याशी मेघा वर्मा व कांग्रेस की करीना के बीच सीधा मुकाबला होने से यहां महिला वोटर्स ने पुरुषों के मुकाबले सबसे ज्यादा बढ़त ली।