महिला एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। मंगलवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश ने UAE को 34 रन से हराकर टॉप-4 में जगह बनाई। अब 10 सितंबर को पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश का सामना भारत से होगा। मुकाबला दुबई में रात 8 बजे से खेला जाएगा। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 103 रन बनाए। जवाब में यूएई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 69 रन ही बना सकी। 55 रन पर 6 विकेट गंवा चुका था बांग्लादेश बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। टीम ने 55 रन तक पहुंचते-पहुंचते 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद शर्मिन अख्तर ने 31 गेंदों पर 38 रन की अहम पारी खेली। कप्तान निगार सुल्ताना ने 28 गेंदों पर 23 रन बनाए। शर्मिन ने नाहिदा अख्तर के साथ सातवें विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी की। नाहिदा ने 26 गेंदों पर नाबाद 16 रन बनाए। इस साझेदारी की मदद से बांग्लादेश 100 रन का आंकड़ा पार कर सका और 20 ओवर में 103/7 का स्कोर बनाया। सुरक्षा कोटे ने 4 ओवर में 11 रन देकर 3 विकेट लिए UAE की ऑफ स्पिनर सुरक्षा कोटे ने बांग्लादेश की पारी पर दबाव बनाए रखा। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 11 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके स्पेल में 16 डॉट गेंदें रहीं। सुरक्षा ने पावरप्ले में बांग्लादेश के दो विकेट निकाले। इसके बाद उन्होंने कप्तान निगार सुल्ताना को भी आउट किया। UAE की गेंदबाजी के कारण बांग्लादेश को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी। UAE ने 15 रन पर 2 विकेट गंवाए टारगेट का पीछा करने उतरी यूएई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज मरुफा अख्तर ने नई गेंद से कप्तान ईशा ओजा और समाइरा धरनिधारका को पवेलियन भेज दिया। पावरप्ले खत्म होने तक टीम 15 रन पर 2 विकेट गंवा चुकी थी। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी की, जिससे UAE के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। आखिरकार 20 ओवर में टीम 9 विकेट पर 69 रन ही बना सकी। हीना हॉटचंदानी ने सबसे ज्यादा 18 रन बनाए। बांग्लादेश के लिए मरुफा ने 4 ओवर में 9 रन देकर 2 विकेट लिए। राबेया खान ने 3 विकेट चटकाए। वहीं नाहिदा अख्तर को 2 विकेट मिला। फाइनल में भारत Vs पाकिस्तान संभव भारतीय टीम अपने ग्रुप के सभी तीनों मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम ने ग्रुप-A में टॉप किया था। भारत ने अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान को 55 रन पर ऑलआउट कर 7 विकेट से जीत दर्ज की थी। टीम को बांग्लादेश से पहला सेमीफाइनल खेलना है। दूसरा सेमीफाइनल पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होगा। यह मुकाबला 11 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रात 8 बजे से खेला जाएगा। अगर भारत और पाकिस्तान अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतते हैं, तो फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। -------------------------------------------- स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… क्या अब मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेगा भारत:इंडियन विमेंस टीम एशिया कप जीतने की दावेदार; पिछले साल कप्तान सूर्या ने किया था इनकार एशिया कप का फाइनल मुकाबला। दुबई का ग्राउंड। भारतीय टीम चैंपियन बनती है। लेकिन ट्रॉफी नहीं लेती। कारण- जो शख्स ट्रॉफी देने वाला था, वह पाकिस्तानी था। यह घटना करीब एक साल पहले दुबई में हुई थी। अब 13 सितंबर को दुबई के उसी ग्राउंड पर यह घटना रिपीट हो सकती है। अंतर इतना है कि दो साल पहले वाकया पुरुष एशिया कप का था इस बार मामला महिला एशिया कप का है। पूरी खबर पढ़ें…