शहर के अग्रसेन संस्थान में मूक-बधिर और निराश्रित बच्चों के लिए महिला पतंजलि योग समिति ने 5 दिन का योग शिविर लगाया। इसका मकसद दिव्यांग बच्चों का शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास करना था। वहीं, राज्य स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के मुकाबले अरविंद पवेलियन में जारी हैं। पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी पवन आर्य ने बताया कि योग शिक्षिकाओं ने बच्चों की खास जरूरतों को ध्यान में रखकर आसान तरीके से योगाभ्यास कराया। मूक-बधिर बच्चों के लिए योग के निर्देश इशारों से समझाए गए। बच्चों को सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकें सिखाई गईं। भ्रामरी, अनुलोम विलोम, ताड़ासन और वृक्षासन का अभ्यास भी कराया गया। भ्रामरी से मानसिक तनाव कम होता है, अनुलोम विलोम श्वसन तंत्र मजबूत करता है। ताड़ासन-वृक्षासन से शारीरिक मुद्रा व आत्मविश्वास बढ़ता है। शिविर में बच्चों को रोज उपहार और प्रसाद बांटे गए। संस्थान संचालक सुनील गुप्ता के कहने पर अब इन बच्चों को रोज शाम 5 बजे योग सिखाया जाएगा। राज्य स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के मुकाबले रोमांचक हुए राज्य स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के 17 और 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग के मुकाबले रोमांचक हो गए हैं। नॉकआउट प्रतियोगिता में विजेता टीमें अगले चरण में पहुंच रही हैं। मैच अरविंद पवेलियन के दो खेल मैदानों पर जारी हैं। संयुक्त संचालन सचिव हेमलता मिस्त्री ने बताया कि विभिन्न जिलों की टीमें जोश के साथ खेल रही हैं। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ईश्वरलाल पुरोहित, उप जिला शिक्षा अधिकारी लेराराम और अन्य अधिकारियों ने खेल मैदानों का जायजा लिया। 19 वर्ष छात्र वर्ग में भीलवाड़ा, सिरोही, अलवर, फलोदी और जयपुर प्रथम ने अपने मुकाबले जीते। 17 वर्ष छात्र वर्ग में डीडवाना-कुचामन और नागौर ने जीत दर्ज की। सिरोही और भीलवाड़ा को वॉकओवर मिला। छात्रा वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन रहा। 17 वर्ष वर्ग में चूरू, हनुमानगढ़, जोधपुर, अजमेर, बाड़मेर, पाली और सीकर ने जीत हासिल की। 19 वर्ष वर्ग में बीकानेर और उदयपुर ने मैच जीते। चूरू, जयपुर और डूंगरपुर को वॉकओवर मिला। प्रतियोगिता के आगे बढ़ने से रोमांच और बढ़ गया है।