बार काउंसिल ऑफ राजस्थान की 13वीं नई बनी काउंसिल की पहली बैठक शनिवार को जोधपुर के सभागार में हुई। इसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सह-अध्यक्ष और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि पदों के लिए चुनाव हुए। अध्यक्ष पद के लिए योगेंद्र सिंह शक्तावत और नीरज कुमार गुर्जर के बीच मुकाबला था। शक्तावत ने नीरज गुर्जर को एक वोट से हराया। नीरज गुर्जर 13वीं काउंसिल के पहले चुने गए सदस्यों में से थे, पर अध्यक्ष पद से चूक गए। शक्तावत 2022-23 में बार काउंसिल के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। दूसरी बार महिला बनी उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष पद पर अंजली कौशिक ने हेमा तिवारी को हराया। वे बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के इतिहास में उपाध्यक्ष बनने वाली दूसरी महिला हैं। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि पद पर राजेश पंवार चुने गए, जिन्होंने कुलदीप शर्मा को हराया। पंवार अभी राजस्थान सरकार में अतिरिक्त महाधिवक्ता हैं। चार सह-अध्यक्ष पदों पर गायत्री राठौड़, सतीश खांडल, रतनाराम ठोलिया और अनामिका सांदू निर्वाचित हुए। सभी नए पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों और सम्मान के लिए काम करने का भरोसा दिलाया।