रेल के डीजल इंजन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। हादसा बुधरवाली गांव के निकट गुरुवार रात 10:30 बजे के करीब हुआ। सूचना पर लालगढ़ जाटान थाना के सेकंड अधिकारी ओमप्रकाश मौके पर गए। शव को सादुलशहर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। ड्यूटी अधिकारी एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि बुधरवाली निवासी 25 वर्षीय वजीर सिंह मजहबी सिख पुत्र बोहड़ सिंह की इस हादसे में मृत्यु हो गई। घटना के दौरान ट्रैक पर अकेला डीजल इंजन सादुलशहर से श्रीगंगानगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के पश्चिमी कोने की ओर जीएसएस के पास युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। अचानक आया डीजल इंजन उसे दिखाई नहीं दिया। इससे वह इंजन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक अविवाहित था और नशा करने का भी आदी था। मृतक के भाई वकील सिंह के परिवाद पर मर्ग दर्ज की गई है।