भास्कर न्यूज | बाड़मेर राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत बाड़मेर के राजकीय जिला चिकित्सालय में नेत्रदान जागरूकता को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम जनहित युवा संस्थान और जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से नर्सिंग ट्रेनिंग सेंटर के सेमिनार हॉल में हुआ। अंधता के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और आमजन को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने पर चर्चा की गई। जिला चिकित्सालय अधीक्षक हनुमानराम चौधरी ने बताया कि राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार हर साल 25 अगस्त से 8 सितंबर तक राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाते हैं। इस वर्ष की थीम नेत्रदान कीजिए, किसी की राह रोशन कीजिए रखी गई है। नेत्र रोग विशेषज्ञ शक्तिसिंह राजगुरु ने कहा कि मृत्यु के बाद नेत्रदान से दूसरे व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने नेत्रदान को मानवता की सेवा से जोड़ा। नेत्र विभाग के जूनियर रेजिडेंट मुकेश चौधरी ने नेत्रदान से जुड़ी शंकाओं का समाधान किया। जनहित युवा संस्थान के उपाध्यक्ष अबरार मोहम्मद ने कहा कि संस्था नेत्रदान जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाएगी और अधिक लोगों को जोड़ने के प्रयास जारी रहेंगे। कार्यशाला में नेत्रदान की प्रक्रिया, नेत्रों के संरक्षण व आंखों की सुरक्षा पर जानकारी दी गई। राजगुरु ने बताया कि पखवाड़े के तहत विशेष नेत्र जांच और जागरूकता गतिविधियों में अब तक करीब एक हजार मरीजों की जांच की गई। इस दौरान कॉर्नियल अल्सर और मोतियाबिंद के मरीज सामने आए। पखवाड़े में मोतियाबिंद के मरीजों के ऑपरेशन कर उपचार किया गया।