नागाणा थाना पुलिस और एएनटीएफ चौकी बाड़मेर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक लग्जरी कार से 2 क्विंटल 48 किलो 55 ग्राम अवैध डोडा पोस्त जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि एएनटीएफ की सूचना पर नागाणा थानाधिकारी दिनेश मेघवाल व एएनटीएफ टीम ने काऊ का खेड़ा सरहद में कवास-छीतर मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान छीतर का पार की तरफ से आ रही कार के चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी वापस घुमाने का प्रयास किया। शक होने पर टीम ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। काले कट्टों और बोरी में भरा था मादक पदार्थ कार की तलाशी लेने पर प्लास्टिक के काले कट्टों व कपड़े के बोरों में भरा 248.55 किग्रा डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने डोडा पोस्त व वाहन को जब्त कर चालक अशोक कुमार पुत्र आईदानाराम माली निवासी शिव हाल कवास को गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि तस्करों ने कार के इंजन व चेसिस नंबर घिस रखे थे। वाहन में फर्जी नंबर प्लेटें भी पाई गई, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। आरोपी पर दर्ज हैं 12 मामले: पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अशोक कुमार आले दर्जे का बदमाश, चोर व मादक पदार्थ तस्कर है। वह पुलिस थाना शिव का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में चोरी व तस्करी के 12 आपराधिक मामले दर्ज है। नागाणा थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।