बीकानेर में एक ऊन मिल में दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार रात काम के बाद थकान के चलते एक मजदूर आराम करने के लिए खुले में पड़ी ऊन पर ही सो गया। सोमवार सुबह करीब 8 बजे पानी से भरा एक टैंकर वहां से गुजरा और मजदूर के ऊपर से निकल गया। टैंकर की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका शरीर बुरी तरह कुचल गया और घटनास्थल पर खून फैल गया। हादसे के बाद मजदूर का शव पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। यह हादसा कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित रानीबाजार इंडस्ट्रियल एरिया की गली नंबर 7 में एक ऊन मिल का है। कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान नंदू सिंह भाटी (40) पुत्र जयराम सिंह भाटी, निवासी रीको रोड नंबर 8, गंगाशहर, बीकानेर के रूप में हुई है। वह रानीबाजार की गली नंबर 7 स्थित सुराणा टेक्सटाइल फैक्ट्री में मजदूरी करता था। सूचना पर पहुंची पुलिस, शव पीबीएम मोर्चरी में रखवाया कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवारी ने बताया कि मजदूर मिल परिसर में खुले में पड़ी ऊन पर आराम कर रहा था। रात में काम के बाद उसे वहीं नींद आ गई। इसी दौरान 10 हजार लीटर पानी से भरा टैंकर वहां पहुंचा। टैंकर चालक को पता नहीं था कि ऊन के ऊपर मजदूर सो रहा है। ऐसे में टैंकर उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में टैंकर का पहिया मजदूर के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह कुचल गया और बिखर गया। सिर पूरी तरह से पिचक गया था जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सामाजिक संस्था खिदमतगार खादिम सोसायटी के सेवादारों शोएब अहमद और राजकुमार खड़गावत आदि की मदद से शव को पीबीएम अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। हादसे में मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के हालात और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।