ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत पाली पुलिस अधीक्षक मोनिका सैन के निर्देश पर महिला अधिकारीता विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पाली की ओर से गुरुवार को ग्राम पंचायत खौड़ स्थित आईसुखीबाई चंदनमल लोढ़ा राबाउमावि, खौड़ के राजकीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम शुरू हुआ। अधिकार मित्र पारस थानवी ने बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के तरीके बताए। अपराध होने पर कानूनी मदद लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की केंद्र प्रबंधक प्रियंका व्यास मौजूद रहीं। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत किशोरी स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, नि:शुल्क आरएस सीआईटी कोर्स की जानकारी दी गई। व्यास ने बताया कि तत्काल आपातकालीन पुलिस सहायता कैसे ली जा सकती है। महिला उत्पीड़न की स्थिति में क्या करना चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की बात भी कही। बालिकाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर की जानकारी दी गई। 181 महिला हेल्पलाइन नंबर बताया। सखी केंद्र पर उपलब्ध पांच तरह की सुविधाओं के बारे में भी बताया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की हेड कांस्टेबल पार्वती राधा, भजना, गीता ने आत्मरक्षा का अभ्यास कराया। पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। कालिका पेट्रोलिंग टीम के भजना ने साइबर क्राइम से बचाव के तरीके बताए। आपातकालीन सेवा 112, 1090, 181, 100 के उपयोग की जानकारी दी गई। राजकोप सिटीजन एप के उपयोग के बारे में भी बताया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र पारस थानवी ने निशुल्क विधिक सहायता, हेल्पलाइन नंबर, नालसा पोर्टल, लोक अदालत की जानकारी दी। विभागीय योजनाएं बताईं। बालिकाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान और बाल विवाह मुक्त राजस्थान के संदेश से अवगत कराया। महिला हिंसा और उत्पीड़न पर भी जागरूक किया। मंच संचालन मांगीलाल ने किया। विद्यालय की छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया। बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। शपथ भी दिलाई गई। प्रधानाचार्य महावीरसिंह राठौड़ ने आभार जताया। कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज और परिवार को अपराध मुक्त रखने में मदद करते हैं। मौके पर पार्वती चारण, विमल कंवर, पुनम, व्याख्याता मांगीलाल, दिलीप राज, ऋतुराज कंवर सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा। लगभग 400 बालिकाएं उपस्थित रहीं।