पाली चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में पाली जिले के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार व चिकित्सा विभाग की ओर से जिले के नाडोल, खिंवाड़ा, सिरियारी, सोजत रोड, सांडेराव और बगड़ी नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर लंबे समय से संचालित कंडम हो चुकी पुरानी 108 एंबुलेंस के स्थान पर 6 नई आधुनिक 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय पहुंचने के बाद सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने इन सभी गाड़ियों को संबंधित 6 प्रमुख सीएचसी के लिए रवाना कर दिया है। नई एंबुलेंस के लगने से दुर्घटना या गंभीर बीमारी की स्थिति में मेडिकल इमरजेंसी के 'गोल्डन आवर' में मरीजों को त्वरित राहत देकर जान बचाना आसान होगा।