अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ हिसार पुलिस के अभियान के तहत CIA टीम को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए हिसार ने आदमपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए चूरू (राजस्थान) निवासी एक आरोपी को 32 बोर की अवैध पिस्टल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। CIA प्रभारी PSI कर्ण सिंह ने बताया कि ASI राममेहर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कैनाल रेस्ट हाउस (नहर पुल, आदमपुर) के पास घेराबंदी कर आरोपी को काबू किया गया। पकड़ा गया आरोपी संदीप पुत्र जयपाल, ढाणी गढ़ी (जिला चूरू, राजस्थान) का रहने वाला है। थाना आदमपुर में केस दर्ज तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना आदमपुर में आर्म्स एक्ट (धारा 25(1B)(a)-54-59) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रिमांड पर लेकर नेटवर्क खंगालेगी पुलिस सीआईए प्रभारी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे यह पूछताछ की जाएगी कि वह यह हथियार कहां से लाया था, किसे सप्लाई करने जा रहा था और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।