अजमेर में ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। अलवर गेट थाना क्षेत्र में एटीएम से रुपए निकालने गए रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी का कार्ड बदलकर आरोपियों ने खाते से 15 रुपए हजार निकाल लिए। वहीं आदर्शनगर थाना क्षेत्र में बिजनेसमैन से गोल्ड लोन छुड़ाने के नाम पर ऑनलाइन 28.98 लाख की ठगी की गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। एटीएम में मदद के बहाने कार्ड बदला, खाते से 15 हजार निकाले पहली घटना अलवर गेट थाना क्षेत्र में श्रीनगर रोड स्थित मृदंग टॉकीज के पास की है। मामले में जादूगर क्षेत्र निवासी त्रिलोक चंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार वह SBI के एटीएम पर पैसे निकलवाने के लिए गए थे। इस दौरान त्रिलोक चंद ने एटीएम से 9 हजार रुपए निकाले, तभी उनके पीछे खड़े 2 युवक अंदर आए और उनसे मशीन में कार्ड चालू रहने की बात कहकर मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड ले लिया। इसी दौरान एक युवक ने उनका असली कार्ड बदलकर उन्हें दूसरा कार्ड दे दिया और दोनों युवक वहां से चले गए। कुछ देर बाद त्रिलोक चंद ने दोबारा 100 रुपए निकालने की कोशिश की तो कार्ड काम नहीं किया। इसी बीच मोबाइल पर खाते से रुपए निकलने के मैसेज आए। दो बार में 10 हजार और 5 हजार यानी कुल 15 हजार निकाल लिए गए। पीड़ित रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी त्रिलोक चंद ने बताया कि घटना के समय उनके खाते में 39 हजार रुपए जमा थे। उन्होंने अलवर गेट थाने में शिकायत देकर एटीएम के CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गोल्ड लोन छुड़ाने के नाम पर बिजनेसमैन से ₹28.98 लाख की ऑनलाइन ठगी दूसरा मामला आदर्शनगर थाना क्षेत्र में उषा विहार निवासी बिजनेसमैन सतीश अग्रवाल से गोल्ड लोन छुड़ाने के नाम पर ₹28.98 लाख की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित ने शनिवार को NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें ऑनलाइन माध्यम से डराने-धमकाने के बाद ठगी किए जाने की बात सामने आई। शिकायत के आधार पर राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (R4C) से जीरो नंबर FIR आदर्शनगर थाने भेजी गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज किया है। जांच SHO आमप्रकाश को सौंपी गई है। पुलिस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जांच कर रही है।