अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद डकैत धनसिंह की सुरक्षा को लेकर उसकी पत्नी ने शुक्रवार को एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला को शिकायत देकर जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। पत्नी ने शिकायत में अपने पति डकैत धनसिंह की जान को खतरा होने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि धनसिंह पिछले 5 दिन से भूख हड़ताल पर है। शिकायत के जरिए उसने पति की सुरक्षा और मामले में कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि धन सिंह पर अजमेर और प्रदेश के अलग-अलग जिलों में हत्या, डकैती, लूट और अपहरण के 40 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जिसमें से 18 मामले विचाराधीन हैं। पत्नी बोली- पहले भी उसके पति से की गई थी मारपीट पत्नी भवनेश्वरी उर्फ रिंकू कंवर ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब 10 महीने से हाई सिक्योरिटी जेल अजमेर में बंद है। 16 जून 2026 को जेल में बंद श्रवण और आनंद ने उसके पति के साथ जान से मारने की नीयत से कथित तौर पर मारपीट की। पत्नी का कहना है कि घटना जेल के CCTV कैमरों में भी कैद हुई है। इसके बावजूद जेल अधिकारियों की ओर से पति को एक महीने तक परिवार से नहीं मिलने की सजा दी गई। दो लाख रुपए नहीं देने पर दोबारा हमला कराने का आरोप पत्नी के मुताबिक, घटना के बाद एक कॉन्स्टेबल ने धन सिंह से संपर्क कर कथित तौर पर कहा कि यह घटना जेल अधिकारियों के कहने पर करवाई गई है। पत्नी ने आरोप लगाया कि उससे दो लाख रुपए की मांग की गई और रकम नहीं देने पर दोबारा इसी तरह की घटना कराने की धमकी दी गई। धन सिंह के पैसे देने से मना करने के बाद एक महीने तक उसकी मुलाकात परिवार से नहीं करवाई। एक महीने बाद उसे फिर कैदी श्रवण और आनंद के साथ बैरक में शिफ्ट कर दिया गया। 5 दिन से भूख हड़ताल पर है डकैत धन सिंह पत्नी ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को धन सिंह से मुलाकात के दौरान उसे पता चला कि उसका पति पिछले 5 दिन से भूख हड़ताल पर है। पत्नी ने आरोप लगाया गया कि उसकी कोई मेडिकल जांच नहीं कराई जा रही है और न ही उचित मदद दी जा रही है। भवनेश्वरी ने पति की जान को खतरा बताते हुए तत्काल जेल अधिकारियों और संबंधित बंदियों के खिलाफ कार्रवाई, मुकदमा दर्ज करने, जांच कराने और उसके पति की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने कहा कि हमारे पास कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच करवा कर नियमानुसार कार्रवाई होगी। डकैत धन सिंह भूख हड़ताल पर नहीं है। ------------- मामले से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए… अजमेर में डकैत धनसिंह को 3 साल की सजा:10 हजार का लगाया जुर्माना; टोल बूथ पर फायरिंग करने सहित कर्मचारियों को बनाया था मुर्गा अजमेर की एससी-एसटी कोर्ट ने डकैत धन सिंह को आर्म्स एक्ट की धारा में 3 साल की सजा सुनाई और 10 हजार का जुर्माना लगाया। डकैत धन सिंह ने करीब 10 साल पहले सरवाड़ टोल पर फायरिंग की थी। वहीं टोल कर्मियों को मुर्गा बना दिया था। मामले में जज अक्षी कंसल ने यह फैसला सोमवार को सुनाया। (पूरी खबर पढ़ें…) डकैत धन सिंह ने कोर्ट में सरेंडर किया:बोला- मेरे एनकाउंटर की साजिश रच रही पुलिस; बेगुनाही साबित करने के लिए कोर्ट की शरण में आया अजमेर के कुख्यात डकैत धन सिंह ने मंगलवार सुबह 11.30 बजे एससी-एसटी कोर्ट अजमेर में सरेंडर कर दिया। कोर्ट में सरेंडर करते हुए उसने बताया कि 5 माह पहले फायरिंग के एक मामले में पुलिस उसका एनकाउंटर करने की योजना बना रही थी। इसके चलते उसे कोर्ट में बेगुनाही साबित करने के लिए सरेंडर करना पड़ा। (पूरी खबर पढ़ें…)