अजमेर नगर निगम में बोर्ड किसका बनेगा और शहर का नया प्रथम नागरिक कौन होगा, इसका फैसला सोमवार को मेयर चुनाव के साथ होगा। चुनाव से एक दिन पहले आज भाजपा और कांग्रेस दोनों ही खेमों में सियासी हलचल तेज है। दोनों दल अपने-अपने पार्षदों को एकजुट रखने के साथ निर्दलीयों के समर्थन को लेकर रणनीति बनाने में जुटे हैं। आज दोनों दलों की बाड़ेबंदी का आखिरी दिन है। सोमवार को पार्षद सीधे नगर निगम पहुंचेंगे और दोपहर बाद चुनाव परिणाम से तस्वीर साफ हो जाएगी। निगम के 80 वार्डों के परिणाम में कांग्रेस के 37, भाजपा के 32 और 11 निर्दलीय पार्षद जीते हैं। ऐसे में किसी भी दल को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला है। बहुमत के लिए 41 पार्षदों की जरूरत होगी। यही वजह है कि 11 निर्दलीय पार्षद मेयर चुनाव में निर्णायक भूमिका में हैं। कांग्रेस ने किरण गढ़वाल और भाजपा ने अनामिका शर्मा को मेयर दावेदार बनाया है। कांग्रेस : मैसूर से आज रवाना होंगे पार्षद, अजमेर के पास ठहराने की तैयारी कांग्रेस ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी कर्नाटक के मैसूर में कर रखी है। आज बाड़ेबंदी का आखिरी दिन है। देहात कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ के अनुसार आज पार्षद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ ब्रेकफास्ट के बाद राजस्थान के लिए रवाना होंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार पार्षदों को अजमेर शहर में सीधे नहीं लाकर आसपास के किसी ठिकाने पर ठहराया जा सकता है। सोमवार को सभी पार्षद एक साथ नगर निगम पहुंचेंगे। भाजपा : जयपुर में बाड़ेबंदी, आज प्रदेशाध्यक्ष करेंगे संवाद भाजपा ने अपने पार्षदों को जयपुर में बाड़ेबंदी में रखा है। आज भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के भी पार्षदों से संवाद करने का कार्यक्रम है। शहर भाजपा अध्यक्ष रमेश सोनी का कहना है कि अजमेर नगर निगम में पिछले 36 साल से भाजपा का बोर्ड रहा है और इस बार भी मेयर व डिप्टी मेयर भाजपा के ही होंगे। उन्होंने 32 भाजपा पार्षदों के अलावा निर्दलीयों का समर्थन होने का दावा करते हुए संख्या 45 से अधिक पहुंचने की बात कही है। 11 निर्दलीयों पर दोनों दलों की नजर मेयर चुनाव में सबसे अहम भूमिका 11 निर्दलीय पार्षदों की रहेगी। कांग्रेस के पास 37 और भाजपा के पास 32 पार्षद हैं। बहुमत के लिए दोनों दलों को निर्दलीयों के समर्थन की जरूरत है। ऐसे में दोनों खेमे अपने-अपने पक्ष में समर्थन होने के दावे कर रहे हैं। हालांकि अंतिम स्थिति मतदान के बाद ही स्पष्ट होगी। यह खबरें भी पढ़ें....... हिंगोरानी-रश्मि पर सहमति नहीं बनी,तो किरण का नाम तय हुआ:* कांग्रेस ने 37 पार्षदों से की रायशुमारी; भाजपा में प्रदेश नेतृत्व से आया अनामिका का नाम अजमेर में कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी किरण गढ़वाल लडे़ंगी चुनाव:* भाजपा प्रत्याशी की आपत्ति खारिज; 19 लाख बकाया का लगाया था आरोप