अजमेर पुलिस ने 26 साल से फरार डकैती के आरोपी को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए टीम एमपी के अलग-अलग गांवों में मजदूर और पोस्टमैन का भेष बदलकर घूमी। इसके बाद उसे पकड़कर अजमेर लेकर आई। आरोपी के खिलाफ कोर्ट से स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। मामला मांगलियावास थाने का है। पेट्रोल पंप पर डकैती कर भागा था आरोपी थाना प्रभारी हरीश चौधरी ने बताया कि डकैत दल्ला उर्फ रमेश बारिया (50) निवासी नेगड़िया, थाना कल्याणपुर, जिला झाबुआ, मध्यप्रदेश को पकड़कर अजमेर लेकर आए है। आरोपी ने 3 अप्रैल 2000 को एनएच-8 स्थित बैणा देवी पेट्रोल पंप, सरहद मांगलियावास पर साथियों के साथ डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में उसके कुछ साथी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं और कोर्ट में चालान पेश किया जा चुका है। आरोपी दल्ला वारदात के बाद से फरार चल रहा था। तब से पुलिस को उसकी तलाश थी। पुलिस से अपनी पहचान छुपाने की कोशिश की फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी हरीश चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में मजदूर और पोस्टमैन का भेष बदलकर घूमी और आरोपी की तलाश की। आरोपी ने पकड़े जाने के बाद भी पुलिस टीम को गुमराह करने और भागने की कोशिश की। पूछताछ, स्थानीय थाना और ग्रामीणों के जरिए उसकी पहचान दल्ला उर्फ रमेश के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से जारी स्थायी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।