राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से पंचायतीराज चुनाव की घोषणा से प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है। इसके बाद प्रशासन ने सोमवार को होने वाली अलवर में जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक को स्थगित कर दिया। अब नए जिला प्रमुख के नेतृत्व में ही जिला परिषद साधारण सभा की बैठक हो सकेगी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (IAS) यक्ष चौधरी ने बैठक रोकने के आधिकारिक आदेश जारी किए। अब तक अलवर, खैरथल-तिजारा के अलावा बानसूर और बहरोड़ भी अलवर जिला क्षेत्र में आता था। यहां एक ही जिला प्रमुख था। अब नए जिलों में नए प्रमुख बन जाएंगे। चुनाव के बाद नियुक्त नए जिला प्रमुख ही साधारण सभा की बैठकें कर सकेंगे। चुनाव कार्यक्रम जारी करने के बाद लगाई रोक जिला परिषद की यह साधारण सभा सोमवार सुबह 11:30 बजे जिला प्रमुख की अध्यक्षता में होने वाली थी। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से 3 अक्टूबर को चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। इस कारण तुरंत प्रभाव से 5 अक्टूबर को होने वाली जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक को स्थगित कर दिया गया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यक्ष चौधरी के आदेश की कॉपी केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, राज्य मंत्री संजय शर्मा, सांसद, विधायकों, संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टर्स और जिले के सभी प्रमुख विभागों के विभागाध्यक्षों को भेजी गई है।