अलवर की कोतवाली और नौगांवा थाना पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी को गिरफ्तार किया है। वहीं चोरी की चार मोटरसाइकिलों के साथ एक युवक भी पकड़ा गया है। नौगावां थाना पुलिस ने साइबर संग्राम अभियान 3.0 के तहत पुराने नोट और सिक्के महंगे दामों में खरीदने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को पकड़ा है। जिसे बाल-सुधारगृह भेजा जाएगा। आरोपियों के कब्जे से ठगी में इस्तेमाल चार मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं। एक साल से फरार आरोपी पकड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि बन्सी निवासी गोपाल पुत्र रामस्वरूप आजीवन करावास की सजा भुगत रहा था। वह 16 मई 2025 को अलवर की ओपन जेल से फरार हो गया था। आरोपी करौली के हिंडौन सिटी थाना का रहने वाला है। आरोपी के भागने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। सूचना तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। बाइक चोरी का आरोपी भी गिरफ्तार वहीं अलवर रेलवे स्टेशन से 22 सितंबर को बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने आरोपी रोहित कुमार मीना (20) पुत्र मुकेश कुमार मीना को गिरफ्तार किया है। आरोपी दादिया निवासी थाना मुंडावर,जिला खैरथल-तिजारा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इनमें एक नंबर की और 3 बिना नंबर की बाइक हैं। साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार नौगावां थाना पुलिस ने साइबर संग्राम अभियान 3.0 के तहत कार्रवाई करते हुए पाटनभान गांव में दबिश देकर सोशल मीडिया पर पुराने नोट और सिक्के महंगे दामों में खरीदने के फर्जी विज्ञापन और वीडियो डालकर लोगों को ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी पकड़ा है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान समयदीन उर्फ नैहना (25) पुत्र अलीजान, निवासी पाटनभान, थाना नौगावां, जिला अलवर के रूप में हुई है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पुराने नोट और सिक्कों को ऊंची कीमत पर खरीदने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे चार मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।