प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 25 साल पूरे होने पर बुधवार को भाजपा ने अलवर के नेहरू गार्डन में सभा आयोजित की। इस दौरान नरेंद्र मोदी ने सभा को वर्चुअल संबोधित किया। इसके बाद नेहरू गार्डन से आरआर सर्किल तक सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा की शुरुआत पद्मश्री गफरूदीन ने दीप प्रज्वलित कर की। गफरूदीन ने ज्योति का दीप हाथ में लेकर यात्रा की अगुवाई की। वन मंत्री संजय शर्मा हाथ में मशाल लेकर यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के आरआर सर्किल पहुंचने पर मंत्री संजय शर्मा ने घोषणा की कि आने वाले समय में आरआर सर्किल का नाम बदलकर ‘ज्योति कलश’ रखा जाएगा। सभा और यात्रा में आगामी पंचायत चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। इससे कार्यक्रम में चुनावी रंग भी नजर आया। देशभर में सेवा ज्योति स्थापित की जा रही वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा- 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात और देश की जनता ने उन्हें आगे बढ़ाया। 2014 में प्रधानमंत्री बनाया। प्रधानमंत्री के 25 साल के कार्यकाल के अवसर पर देशभर में सेवा ज्योति स्थापित की जा रही है। जिला और उपखंड स्तर पर प्रमुख स्थानों पर ज्योति स्थापित करने का कार्यक्रम रखा गया है। कांग्रेस पर साधा निशाना संजय शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- कांग्रेस की दुकान में अब सामान नहीं बचा है। देश की जनता ने 2014 में कांग्रेस को नकार दिया था। देश के अधिकांश राज्यों में भी जनता ने नकार दिया है। संजय शर्मा ने कहा- चुनाव आयोग एक स्वतंत्र और निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है। जिस व्यक्ति पर आरोप लगाए जा रहे हैं, उसी को ज्ञापन देने की बात करना समझ से परे है। ये कांग्रेस की बौखलाहट है। देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। आने वाले समय में भी उसे घर बैठाने का काम करेगी। संजय शर्मा ने कहा- जिस तरह नगर निकाय चुनाव में जनता ने कांग्रेस को नकारा है, उसी तरह आगामी ग्रामीण और पंचायत चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा।