अलवर जिले में शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक मौसम पलट गया। शहर सहित जिले के कुछ हिस्सों में कहीं मध्यम बारिश तो कहीं तेज बारिश हुई। शहर में करीब आधा घंटे से ज्यादा हुई बारिश के बाद गोपाल टॉकिज रोड पर करीब दो फीट से ज्यादा पानी भर गया। सुबह से ही कभी धूप तो कभी बादल छाए रहे। वहीं सरिस्का की तरफ अगर अच्छी बारिश होती है तो रूपारेल नदी में पानी की आवक होगी। इसके बाद जयसंमद बांध में पानी की आवक हो सकती है। इस साल मानसून में अच्छी बारिश नहीं होने से अलवर के कई प्रमुख बांध अभी खाली हैं। पिछले दिनों बारिश के बाद जयसमंद बांध में पानी की आवक हुई थी, लेकिन एक-दो दिन में ही पानी कम हो गया। ऐसे में बांधों में पानी की आवक नहीं होने से जलाशयों में रौनक कम है। पहले देखिए, बारिश की कुछ PHOTOS… 13 से बदलेगा मौसम, बिजली गिरने की चेतावनी मौसम विभाग के 7 दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 12 सितंबर को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद 13 सितंबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। इस दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने और आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 14 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। 15 और 16 सितंबर को भी बारिश की संभावना जताई गई है। इससे तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। सामान्य से 14.8 मिमी कम बारिश अलवर में अब तक 490.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि 11 सितंबर तक 505.2 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है। इस तरह जिले में अब तक 14.8 मिमी कम बारिश हुई है, जो सामान्य से करीब 3% कम है। आने वाले दिनों में बारिश होने पर यह अंतर कम हो सकता है।