जयपुर के आमेर महल परिसर में हाथी सवारी पर रोक लगा दी गई है। नवरात्र के दौरान शिलामाता मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने और जलेब चौक सहित आमेर महल परिसर में मेले की व्यवस्थाओं को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। राजकीय संग्रहालय एवं महल आमेर के अधीक्षक के जारी आदेश के अनुसार 10 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक हाथी सवारी का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। 12 दिन नहीं होगी हाथी सवारी राजकीय संग्रहालय एवं महल आमेर अधीक्षक राकेश छोलक की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट है कि 10 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक हाथी सवारी का संचालन पूर्णत: बंद रहेगा। यानी नवरात्र मेले की अवधि में आमेर आने वाले पर्यटकों को हाथी सवारी की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। आमेर महल में हाथी सवारी टूरिस्ट के आकर्षण का प्रमुख हिस्सा रही है। आमतौर पर बड़ी संख्या में पर्यटक हाथी पर सवार होकर आमेर महल तक पहुंचने के अनुभव का आनंद लेते हैं। नवरात्र मेले में आने वाली भीड़ को देखते लिया फैसला आमेर महल परिसर स्थित शिलामाता मंदिर में शारदीय नवरात्र के दौरान विशेष धार्मिक आयोजन होते हैं। जलेब चौक और आमेर महल परिसर में भी इस दौरान भक्तों और टूरिस्टों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसे देखते हुए प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षित और सुगम आवाजाही बनाए रखना है। हाथी सवारी बंद रखने का फैसला भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है। पर्यटकों के लिए आमेर महल खुला रहेगा नवरात्र की अवधि में आमेर महल पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। जानकारी अनुसार- आमेर महल में टूरिस्ट सुबह 8 बजे से शाम 5.30 बजे तक भ्रमण कर सकेंगे। इस दौरान पर्यटक आमेर महल की ऐतिहासिक इमारतों, राजपूत स्थापत्य, महलों और परिसर की अन्य ऐतिहासिक संरचनाओं का अवलोकन कर सकेंगे। पर्यटकों की सुविधा के लिए महल में प्रवेश-पत्र वितरण की व्यवस्था सिंहपोल द्वार पर की गई है।