शहर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे पर चल रहा सड़क निर्माण कार्य इन दिनों राहत देने के बजाय आमजन और वाहन चालकों के लिए आफत बना हुआ है। एनएच विभाग और ठेकेदार की अनदेखी का आलम यह है कि सड़क का काम तो शुरू नहीं हुआ, लेकिन चार दिन पहले ही बेरिकेड्स लगाकर मुख्य रास्तों को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है। न कोई वैकल्पिक व्यवस्था और न ही ट्रैफिक पुलिस का कोई पुख्ता प्लान बनाया गया है। नतीजा यह है कि शहर के प्रमुख चौराहे पर दिनभर जाम के हालात बने हुए हैं और लोग परेशान हो रहे हैं। रीको जाने वाले वाहनों को रॉन्ग साइड से आकर मंडी के गेट से थोड़ा पहले अंउर ब्रिज से रास्ता लेना पड़ता है। सबसे खराब हालात शहर के सिणधरी चौराहे की है। चौराहे से रीको औद्योगिक क्षेत्र जाने वाले मुख्य मार्ग को ठेकेदार ने चार दिन से बेरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया है। रास्ता बंद करने के बावजूद मौके पर सड़क निर्माण का काम शुरू ही नहीं हुआ है। ना ही सड़क पर जमा मिट्टी और धूल-मिट्टी की सफाई करवाई गई है। ऐसे में हर दिन रीको जाने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहनों को सिंगल रोड पर डायवर्ट कर दिया गया है। एक ही सड़क पर दोनों तरफ से गाड़ियां आने के कारण ट्रेफिक व्यवस्था लड़खड़ा गई है। वाहन आमने-सामने फंस जाने से जाम लगता है। बेरिकेड्स हटाकर निकल रहे बाइक सवार जाम और रास्ते की नाकाबंदी से तंग आ चुके कई बाइक सवार अब खुद ही जोखिम उठा रहे हैं। लोग मौके पर रखे बेरिकेड्स को थोड़ा खिसकाकर अपने वाहन निकाल रहे हैं। इससे हर समय आमने-सामने गाड़ियों की टक्कर और बड़े हादसे का अंदेशा बना रहता है। उत्तरलाई रोड पर भी धीमी गति से हो रहा काम ऐसा ही हाल उत्तरलाई रोड का भी है। जहां एनएचआई काम करवा रहा है। ठेकेदार ने यहां भी बेरिकेड्स लगाकर आधा रास्ता बंद कर दिया है, लेकिन काम की रफ्तार बेहद सुस्त है। धीमी गति से चल रहे इस निर्माण कार्य की वजह से उत्तरलाई रोड पर दिनभर धूल के गुबार उड़ रहे हैं। सिणधरी चौराहा पर सर्विस रोड और उत्तरलाई रोड पर सड़क निर्माण कार्य करवा रहा है। जहां पर पानी का भराव होता है वहां सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है, लेकिन सिणधरी चौराहा पर रोड ब्लॉक के संबंध में जानकारी नहीं है। - नरेंद्र चौधरी, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई विभाग