उदयपुर के अरवाना मॉल के ट्रांसफॉर्मर पर ताला लगाने से एक महिला दुकानदार बिजली कनेक्शन के लिए परेशान है। इस मामले में बिजली विभाग ने हाथीपोल थाने में शिकायत दी है। विभाग के एक्सईएन संदीप कोठारी ने बताया- हम सीधे जाकर ताला नहीं खुलवा सकते। पुलिस की मदद से ही ताला खोला जाएगा। ट्रांसफॉर्मर का ताला खुलने पर ही महिला दुकानदार को बिजली कनेक्शन दे पाएंगे। इस संबंध में दुकानदार मदीना अली ने बिजली कनेक्शन नहीं दिए जाने की शिकायत कलेक्टर और एसपी को करते हुए कार्रवाई की मांग की है। यहां से उन्हें आश्वासन दिया गया है। 8 महीने से कनेक्शन को भटक रही, CGRF के आदेशों की अवहेलना महिला दुकानदार मदीना अली ने बताया- मैंने मॉल में पहली मंजिल पर 101 नंबर की शॉप यूसुफ मोटागामवाला से किराए पर ली हुई है। कई महिनों से प्री-पेड बिजली कनेक्शन का भुगतान कर रही हूं, लेकिन मैंने अतिरिक्त डीजी चार्जेज पर आपत्ति की तो मॉल प्रबंधन ने 8 महीने पहले प्री-पेड कनेक्शन बंद कर दिया। इसके बाद मैंने स्वतंत्र बिजली कनेक्शन के लिए मधुबन एईएन आफिस में आवेदन किया तो उन्होंने भी कनेक्शन देने से मना कर दिया। इसके बाद मजबूरन उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम(CGRF) की शरण लेनी पड़ी। 13 अगस्त 2026 को मेरे पक्ष में निर्णय देते हुए बिजली कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। इसके बावजूद मॉल प्रबंधन ताला नहीं खोल रहा। वहीं, बिजली विभाग बेबस दिख रहा है। सिक्योरिटी पर्पज से लगाया हुआ है ताला: बिल्डर ताला नहीं खोलने के सवाल पर मॉल के बिल्डर हसन पालीवाला ने बताया- हमने सभी दुकानदारों को प्री-पेड मीटर इश्यू कर रखे हैं, लेकिन सिर्फ एक ही दुकानदार को आपत्ति हैं। ट्रांसफॉर्मर के नाम से अतिरिक्त शुल्क वसूलने की बात गलत है। हमने सिक्योरिटी पर्पज से ट्रांसफार्मर पर ताला लगा रखा है। हम इसमें से बिजली कनेक्शन नहीं दे सकते। इस संबंध में हमें बिजली विभाग से अभी तक कोई नोटिस नहीं मिला है। ताकि हम जबाव दे सकें।