युवा कांग्रेस के रविवार देर शाम चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही चूरू को नया जिलाध्यक्ष मिल गया है। चूरू शहर के 30 वर्षीय आसिफ खान ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोयल खान को 4930 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। आसिफ को 12624 व सोयल को 7694 वोट प्राप्त हुए। सोयल खान को नियमानुसार उपाध्यक्ष घोषित किया गया है। आसिफ युवा कांग्रेस में लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के बाद लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करते हुए चूरू के चौथे निर्वाचित जिलाध्यक्ष बने हैं। उनसे पहले परमेंद्र सिहाग, मानवेंद्र बुडानिया और खुद आसिफ खान निर्वाचित जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। जिलाध्यक्ष के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। किशन सिंवर 7162 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे और उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। हितेश जाखड़ 6185 वोट हासिल कर चौथे स्थान पर रहे और उपाध्यक्ष चुने गए। बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प : जीत के बाद जिलाध्यक्ष आसिफ खान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कांग्रेस नेता राहुल गांधी के युवाओं व सामाजिक न्याय के संदेश और राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानू चिब के लक्ष्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने चूरू में युवा कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं के मुद्दों को मुखरता से उठाने का संकल्प दोहराया। आसिफ खान इससे पहले चूरू के लोहिया कॉलेज छात्रसंघ के महासचिव पद पर निर्वाचित हो चुके हैं। युवा कांग्रेस के पिछले निर्वाचन में भी आसिफ खान 4800 मतों से जीत कर जिलाध्यक्ष बने थे। संगठन में लगातार सक्रियता और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ के चलते उन्होंने यह बड़ी जीत हासिल की है। उन्हें पूर्व विधायक डॉ. कृष्णा पूनिया का करीबी माना जाता है।