धौलपुर में लोक देवता बाबू महाराज का मेला लगा। रविवार को सोने का गुर्जा थाना क्षेत्र के कुदिन्ना गांव स्थित थूम बाबू महाराज मंदिर और सैंपऊ क्षेत्र के चितौरा गांव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं ने बाबू महाराज के मंदिर में दर्शन किए और अखंड ज्योति के सामने शर्करा का भोग लगाया। चितौरा स्थित बाबू महाराज के स्थान पर लोगों ने कुंड में स्नान किया। उन्होंने चर्म रोगों से मुक्ति की कामना की। मान्यता है कि कुंड में स्नान करने से बाबू महाराज की कृपा से चर्म रोगों से राहत मिलती है। चितौरा गांव में क्वार महीने की दौज पर बड़ा मेला लगता है। कुदिन्ना के थूम में भी मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। रात में बाबू महाराज की खास भक्ति होती है। इसमें बाबू महाराज का भगत ऐसे व्यक्ति की आवाज लगाता है, जिसे कुष्ठ या चर्म रोग से पीड़ित माना जाता है। श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबू महाराज की दुआ से रोग ठीक हो जाते हैं। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने इंतजाम किए। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई।