आगामी नगर परिषद चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए बांसवाड़ा पुलिस ने रविवार रात शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देश पर हुए इस मार्च के जरिए पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कोतवाली-राजतालाब पुलिस के साथ क्यूआरटी और एमबीसी जवान भी शामिल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह और पुलिस उप अधीक्षक रामकुमार के नेतृत्व में निकले फ्लैग मार्च में कोतवाली और राजतालाब थाना पुलिस के साथ यातायात प्रभारी, चुनाव ड्यूटी में तैनात जाप्ता, पुलिस लाइन, क्यूआरटी और एमबीसी के जवान शामिल रहे। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों से निकले मार्च के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था का संदेश दिया गया। ​असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर पुलिस की पैनी नजर फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने आम नागरिकों से चुनाव के दौरान आपसी सौहार्द, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। साथ ही संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की तैयारी भी पूरी कर ली गई है।