बारां जिले की 3 नगरीय निकायों में 9 सितंबर बुधवार को मतदान होगा। इसमें बारां नगर परिषद, अंता और सीसवाली नगर पालिका शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल ने बताया कि मतदान से 48 घंटे पहले मौन अवधि लागू कर दी गई है। यह अवधि सोमवार 7 सितंबर शाम 6 बजे से मतदान खत्म होने तक, यानी 9 सितंबर शाम 6 बजे तक रहेगी। मौन अवधि के दौरान चुनावी सभा, जुलूस, रोड शो, पदयात्रा और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक है। मतदान केंद्र से 200 मीटर के इलाके में प्रचार-प्रसार और प्रचार सामग्री बांटने पर भी पाबंदी है। शराब की दुकानें और बार बंद उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह भी बताया कि 7 सितंबर शाम 6 बजे से 9 सितंबर तक पूरे चुनाव क्षेत्र में शराब की दुकानें और बार बंद रहेंगे। इस दौरान शराब बांटने, ले जाने और पीने पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी रिटर्निंग अधिकारियों को नियम तोड़ने पर तुरंत कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इधर, सोमवार शाम को प्रचार का शोर थमने के बाद अब प्रत्याशी और उनके समर्थक घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और मतदाता पर्चियां बांटने में लग गए हैं।