बारां में भाजपा प्रदेश कार्यालय के नाम से एक फर्जी नियुक्ति पत्र सोशल मीडिया पर शेयर हो गया। इसमें प्रवीण शर्मा को भाजपा बारां का कार्यवाहक जिलाध्यक्ष नियुक्त करने की बात लिखी थी। पत्र पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के हस्ताक्षर भी दिखाए गए थे और तारीख 7 अक्टूबर लिखी थी। इस फर्जी पत्र में संगठनात्मक जरूरतों का हवाला देते हुए प्रवीण शर्मा को कार्यवाहक जिलाध्यक्ष बनाने का दावा किया गया था। पत्र वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई। संगठन में भ्रम फैलाने की कोशिश की गई मामला सामने आने पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने इसे पूरी तरह फर्जी बताया। उन्होंने शहर कोतवाली में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई है। सिकरवार ने कहा कि प्रदेश कार्यालय से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फर्जी पत्र से पार्टी की छवि खराब करने और संगठन में भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है। कोतवाली सीआई हीरालाल पूनिया ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वायरल लेटर के स्रोत की जांच कर रही है।