बारां के अंता विधायक और पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखा है। उन्होंने रबी 2026-27 के लिए बारां जिले में डीएपी और यूरिया की समय पर आपूर्ति की मांग की है। भाया ने खाद के साथ जबरन अतिरिक्त उत्पाद बेचने पर रोक लगाने की भी मांग की। उन्होंने इसे किसानों का आर्थिक शोषण बताया और कंपनियों को निर्देश देने को कहा कि खाद बिक्री को किसी अन्य उत्पाद से नहीं जोड़ा जाए। अंता विधायक ने जिले के साथ भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि बारां की 33,000 टन डीएपी की मांग को घटाकर 22,700 टन कर दिया गया है। अप्रैल-जून में 17,000 टन की मांग के मुकाबले सिर्फ 5,422 टन (32%) ही खाद मिली। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर समय पर खाद नहीं मिली तो कांग्रेस चंबल फर्टिलाइजर्स, गढ़ेपान और जिला कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन करेगी।