दीपावली और त्योहार के सीजन को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर-मऊ साप्ताहिक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रविवार से इस वीकली स्पेशल ट्रेन की शुरुआत हो जाएगी। वहीं बाड़मेर-मथुरा ट्रेन 9 और 10 अक्टूबर को गोवर्धन तक ही संचालित होगी। वहीं 8 अक्टूबर को ये ट्रेन एक घंटे देरी से चलेगी। पढ़ें रेलवे की प्रमुख खबरें… 1. 22 कोच होंगे, 9 फेरे करेगी वीकली स्पेशल ट्रेन त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाले अतिरिक्त यात्री भार को देखते हुए रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन रविवार से प्रारंभ की जा रही है। ट्रेन के 9 ट्रिप होंगे और यह मेड़ता रोड-डेगाना-जयपुर मार्ग से संचालित होगी। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि ट्रेन संख्या 04823 जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल 4 अक्टूबर रविवार से 29 नवंबर तक 9 फेरों में प्रत्येक रविवार को जोधपुर से शाम 5 बजे रवाना होकर अगले दिन सोमवार रात 11.40 बजे मऊ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04824 मऊ-जोधपुर साप्ताहिक स्पेशल 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक 9 फेरों में प्रत्येक मंगलवार को सुबह 4 बजे मऊ से रवाना होकर बुधवार सुबह 8.40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। इन स्टेशनों पर होगा ठहराव यह ट्रेन पीपाड़ रोड,गोटन,मेड़ता रोड,रेन,डेगाना,मकराना,कुचामन सिटी,नावां सिटी,फुलेरा,जयपुर,बांदीकुई,मंडावर महवा रोड,खेड़ली,नदबई,भरतपुर,मथुरा,हाथरस सिटी,कासगंज,फर्रुखाबाद,कन्नौज,कानपुर सेंट्रल,ऐशबाग,बादशाहनगर,अयोध्या कैंट,अयोध्या,शाहगंज, खोरासन रोड,आजमगढ़ और मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस स्पेशल ट्रेन में 2 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 6 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 22 डिब्बे होंगे। 2. मथुरा यार्ड री-मॉडलिंग के चलते प्रभावित होगा बाड़मेर-मथुरा ट्रेन का रूट पलवल-मथुरा रेलखंड के मथुरा और भूतेश्वर स्टेशनों पर यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते बाड़मेर-मथुरा ट्रेन का रूट प्रभावित होगा। ऐसे में जोधपुर मंडल से संबंधित बाड़मेर-मथुरा रेलसेवा के संचालन में आंशिक बदलाव किया गया है। सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार गाड़ी संख्या 20489 बाड़मेर-मथुरा 9 अक्टूबर को बाड़मेर से रवाना होकर मथुरा के बजाय गोवर्धन तक ही संचालित होगी। इसके चलते गोवर्धन-मथुरा के बीच यह रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20490 मथुरा-बाड़मेर 10 अक्टूबर को मथुरा के बजाय गोवर्धन से संचालित होगी। ऐसे में मथुरा-गोवर्धन के बीच इसका संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा। वहीं ट्रेन संख्या 20490 मथुरा-बाड़मेर सुपरफास्ट 8 अक्टूबर को अपने निर्धारित समय दोपहर 3.45 बजे के बजाय एक घंटे की देरी से 4.45 बजे मथुरा से रवाना होगी।